राष्ट्रीय जंबूरी में अनुशासन, सेवा और सांस्कृतिक पहचान के साथ करें श्रेष्ठ प्रदर्शन” — पूर्ण सिंह शेखावत
राष्ट्रीय जंबूरी में अनुशासन, सेवा और सांस्कृतिक पहचान के साथ करें श्रेष्ठ प्रदर्शन” — पूर्ण सिंह शेखावत
रोवर मूट मीट एवं जंबूरी तैयारी शिविर संपन्न
प्रथम राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी को लेकर मंडल मुख्यालय जयपुर पर रोवर–रेंजर मूट मीट सह तैयारी शिविर, जयपुर, सीकर व दौसा के संभागियों की तैयारियों का किया निरीक्षण
जयपुर।
छत्तीसगढ़ में आयोजित होने जा रही भारत स्काउट व गाइड की प्रथम राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी में राजस्थान दल की प्रभावी सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड के मंडल मुख्यालय, जयपुर पर रोवर–रेंजर मूट मीट सह राष्ट्रीय जंबूरी तैयारी शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस मूट मीट में जयपुर डिविजन से जयपुर, सीकर और दौसा जिलों के रोवर–रेंजर उत्साह और अनुशासन के साथ सहभागिता कर रहे हैं।
मूट मीट के दौरान रोवर–रेंजर राष्ट्रीय जंबूरी में प्रस्तुत की जाने वाली गतिविधियों की गहन एवं व्यवस्थित तैयारी कर रहे हैं। नृत्य, मार्च पास्ट, कलर पार्टी, फूड प्लाजा, कैंप क्राफ्ट, प्रदर्शनी तथा एथेनिक फैशन शो जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं के अभ्यास के माध्यम से संभागियों में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, अनुशासन, सेवा भाव और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि राष्ट्रीय मंच पर राजस्थान दल प्रभावशाली प्रदर्शन कर सके।
मूट मीट का निरीक्षण करने पहुंचे राज्य संगठन आयुक्त पूर्ण सिंह शेखावत ने विशेष रूप से फूड प्लाजा, कलर पार्टी, नृत्य एवं एथेनिक फैशन शो जैसी प्रतियोगिताओं की तैयारियों को बारीकी से देखा। उन्होंने अभ्यास कर रहे संभागियों से संवाद किया और उन्हें प्रस्तुति की गुणवत्ता, सामूहिक समन्वय और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अच्छी और योजनाबद्ध तैयारी के साथ किया गया प्रदर्शन ही राष्ट्रीय जंबूरी में सफलता का आधार बनेगा।
रोवर–रेंजर्स को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी स्काउटिंग आंदोलन का एक महत्वपूर्ण अवसर है, जहां प्रत्येक संभागी अपने राज्य की पहचान, संस्कृति और अनुशासन का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने आह्वान किया कि सभी रोवर–रेंजर पूरी निष्ठा, समर्पण और आत्मविश्वास के साथ अभ्यास करें और राष्ट्रीय जंबूरी में राजस्थान का नाम रोशन करते हुए श्रेष्ठ प्रदर्शन करें।
मूट मीट के दौरान सहायक राज्य संगठन आयुक्त दामोदर प्रसाद शर्मा ने कहा कि ऐसे तैयारी शिविर रोवर–रेंजरों को संगठन, नेतृत्व और सेवा के व्यावहारिक अनुभव प्रदान करते हैं। सहायक राज्य संगठन आयुक्त गाइड नीता शर्मा ने कहा कि निरंतर अभ्यास, टीम वर्क और अनुशासन से ही राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
मूट मीट का वातावरण पूरे समय ऊर्जा, अनुशासन और सीखने की भावना से ओतप्रोत रहा। प्रशिक्षण सत्रों के साथ रोवर–रेंजरों को समूह कार्य, नेतृत्व अभ्यास और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से मानसिक एवं शारीरिक रूप से राष्ट्रीय जंबूरी के लिए तैयार किया जा रहा है।
मूट मीट में सीओ स्काउट बसंत कुमार लाटा, सीओ स्काउट शरद शर्मा,सीओ गाइड इंदु तंवर, सीओ स्काउट प्रदीप सिंह ,सीओ गाइड निरमा मीणा ,मनोज शर्मा, सीताराम गुप्ता, ललित कुमार प्रजापत, विवेक कुमार, अतुल कुमार सहित अनेक प्रशिक्षक व स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें