जयपुर, सीकर, दौसा व अलवर के रोवर–रेंजर कर रहे हैं सहभागिता, नृत्य से लेकर कैंप क्राफ्ट तक विविध गतिविधियों का अभ्यास
प्रथम राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी की तैयारियों में जुटा राजस्थान, मंडल मुख्यालय जयपुर पर मूट–मीट ,जंबूरी तैयारी शिविर शुरू
जयपुर, सीकर, दौसा व अलवर के रोवर–रेंजर कर रहे हैं सहभागिता, नृत्य से लेकर कैंप क्राफ्ट तक विविध गतिविधियों का अभ्यास
जयपुर।
छत्तीसगढ़ राज्य में भारत स्काउट व गाइड द्वारा आयोजित की जा रही प्रथम राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी में राजस्थान दल की प्रभावी सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड मंडल मुख्यालय, जयपुर पर रोवर–रेंजर मूट–मीट , प्रथम राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी तैयारी शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में जयपुर डिविजन की ओर से जयपुर, सीकर, दौसा और अलवर जिलों के रोवर–रेंजर उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
शिविर के दौरान रोवर–रेंजर राष्ट्रीय जंबूरी में प्रस्तुत की जाने वाली गतिविधियों की गहन तैयारी कर रहे हैं। इनमें नृत्य, मार्च पास्ट, कलर पार्टी, फूड प्लाजा, कैंप क्राफ्ट, प्रदर्शनी, एथेनिक फैशन शो सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं शामिल हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से रोवर–रेंजरों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक अभिव्यक्ति को और अधिक सशक्त किया जा रहा है, ताकि वे राष्ट्रीय मंच पर राजस्थान का श्रेष्ठ प्रतिनिधित्व कर सकें।
शिविर के दौरान सहायक राज्य संगठन आयुक्त दामोदर प्रसाद शर्मा ने रोवर–रेंजरों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी स्काउटिंग आंदोलन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जहां देशभर के युवा एक-दूसरे की संस्कृति, कार्यशैली और सेवा गतिविधियों से सीखते हैं। उन्होंने कहा कि रोवर–रेंजरों को केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित न रहकर सेवा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के मूल्यों को आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि राजस्थान के रोवर–रेंजर अपनी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर राष्ट्रीय जंबूरी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे। सहायक राज्य संगठन आयुक्त गाइड नीता शर्मा ने भी रोवर–रेंजरों को निरंतर अभ्यास, समन्वय और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
शिविर का वातावरण पूरे समय ऊर्जा, अनुशासन और सीखने की भावना से ओतप्रोत रहा। अभ्यास सत्रों के साथ-साथ रोवर–रेंजरों को समूह कार्य, नेतृत्व प्रशिक्षण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रीय जंबूरी के लिए मानसिक व शारीरिक रूप से तैयार किया जा रहा है। आयोजन से जुड़े प्रशिक्षकों और स्टाफ द्वारा प्रत्येक गतिविधि पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि जंबूरी में राजस्थान दल की प्रस्तुति प्रभावशाली और यादगार बन सके।
शिविर में सीओ शरद शर्मा, सीओ स्काउट प्रदीप, सीओ स्काउट बसंत लाटा, सीओ गाइड इंदु तंवर, निरमा मीणा,
मनोज शर्मा, सीताराम गुप्ता, देवीलाल जाट, मोहनलाल सुखाड़िया ,ललित कुमार प्रजापत, विवेक कुमार, अतुल कुमार सहित अनेक स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें