सलूम्बर में हथियारबंद चोरों का आतंक: सेरीया सहित कई गांवों में दर्जनों वारदातें, जनता में आक्रोश

 सलूम्बर में हथियारबंद चोरों का आतंक: सेरीया सहित कई गांवों में दर्जनों वारदातें, जनता में आक्रोश



सलूम्बर। जिले में पिछले दो-तीन महीनों से लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने आमजन में भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस थाना क्षेत्र सलूम्बर के ग्राम सेरीया में हाल ही में एक बड़े संगठित गिरोह द्वारा 13 से 20 स्थानों पर सुनियोजित ढंग से चोरी की वारदातों को अंजाम दिया गया। जानकारी के अनुसार, चोर हथियारों से लैस होकर पहले रैकी करते थे और उसके बाद लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर देते थे।

सेरीया प्रकरण में खुलासा होने के बावजूद चोरी गए माल की पूर्ण बरामदगी नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि चोरी का माल बांसवाड़ा के कुछ सराफा व्यापारियों तक पहुंचा, किंतु संबंधित सराफाओं के विरुद्ध ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में असंतोष व्याप्त है। वहीं सीसीटीवी फुटेज में अधिक उम्र के व्यक्ति नजर आने के बावजूद पकड़े गए आरोपी नाबालिग बताए जा रहे हैं, जिससे अनुसंधान की निष्पक्षता पर भी सवाल उठ रहे हैं।

इसी प्रकार थाना हल्का सराड़ा के ग्राम सगतड़ा में पूर्व में 4-5 घरों में चोरी के बाद दो दिन पूर्व पुनः चार-पांच मकानों को निशाना बनाया गया। सीसीटीवी फुटेज में चोरों के हाथों में तलवार जैसे घातक हथियार दिखाई दिए हैं।

थाना सेमारी क्षेत्र के अंतर्गत 8 फरवरी 2026 को तोलाराम जोशी के मकान में ताले तोड़कर सोने-चांदी के गहने व नकदी चोरी की गई, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो पाया है।

कस्बा सलूम्बर के भोईवाड़ा क्षेत्र में भी भोझ्यो व हरिजन समाज के मकानों के ताले तोड़कर बड़ी चोरी की वारदात हुई, जबकि निकट ही पुलिस चौकी स्थित है। इसके बावजूद मामले में अब तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है।

ग्राम धारोद में राजपूत समाज के करणसिंह के घर लगभग दस लाख रुपये के जेवरात चोरी हुए, वहीं ग्राम डाल में गत रात्रि चार-पांच मकानों के ताले तोड़े गए। जाग होने से हथियारबंद चोर भाग निकले।

ग्राम अदकालिया में भी रात 3:30 बजे छह हथियारबंद चोरों को गांव में प्रवेश करते हुए सीसीटीवी में देखा गया। ग्रामीणों के सतर्क होने पर बड़ी वारदात टल गई।

लगातार बढ़ती इन घटनाओं से पूरे जिले में भय का वातावरण है। नागरिकों का कहना है कि चोरों में पुलिस का कोई भय नहीं रह गया है और वे खुलेआम हथियारों के साथ वारदात कर रहे हैं।

क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सभी मामलों का शीघ्र खुलासा कर चोरी गया माल बरामद किया जाए, नियमित गश्त बढ़ाई जाए तथा हथियारबंद गिरोहों पर अंकुश लगाने हेतु विशेष पुलिस दल का गठन किया जाए, ताकि जिले में शांति एवं सुरक्षा बहाल हो

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

नागौर के बुटाटी धाम की अनुपम और अद्भुत अकल्पनीय छवि को धूमिल करने की कोशिश, गांव के असामाजिक तत्वों द्वारा

नीमकाथाना में सुभाष मंडी में महाराजा अग्रसेन जी की मूर्ति का अनावरण भव्य और आकर्षक संपन्न हुआ*

जोधपुर डिस्कॉम का तकनीशियन विनोद कुमार 1,45 ,000 की रिश्वत लेते गिरफ्तार